गोंडा। निषाद पार्टी के कार्यकर्ता विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को गोंडा में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद कलेक्ट्रेट घेराव के लिए लखनऊ से गोंडा रवाना हो चुके हैं। उनके गोंडा पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
गोंडा बॉर्डर से कुछ दूरी पर स्थित करनैलगंज चौराहे पर डॉ. संजय निषाद को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी और सीओ समेत कई थानों की पुलिस को मौके पर लगाया गया है। चौराहे पर बैरिकेडिंग भी की गई है।
इसके अलावा गोंडा सर्किट हाउस, कलेक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय के आसपास भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। निषाद समाज समेत विभिन्न समाजों के नेताओं के गोंडा पहुंचने की सूचना को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है।
अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन और परिजनों में बातचीत
उधर, मृतक विनोद साहनी के घर पर शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। परसपुर, तरबगंज और नवाबगंज समेत कई थानों की पुलिस गांव में तैनात की गई है।
करनैलगंज से मृतक के गांव जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह पुलिस बल लगाया गया है और बैरिकेडिंग की गई है। अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन और मृतक के परिजनों के बीच बातचीत चल रही है।
पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह भी मौके पर
पूर्व मंत्री और करनैलगंज के पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के कई सदस्य सदमे में बार-बार बेहोश हो रहे हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारी और योगेश प्रताप सिंह परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों की ओर से मामले में कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।
