Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 'हर घर तिरंगा' अभियान होगा ऐतिहासिक, 5 करोड़ घरों पर...

यूपी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान होगा ऐतिहासिक, 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश में इस बार स्वतंत्रता दिवस को भव्य और जनभागीदारी वाला उत्सव बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के निर्देश देते हुए प्रदेश के 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि हर नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि सरकारी और अर्धसरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, स्कूल-कॉलेजों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं सहित सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान के साथ फहराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

तिरंगा हर नागरिक तक आसानी से पहुंचे, इसके लिए स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थानों, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों और पेट्रोल पंपों पर भी तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त के काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस से लेकर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों की साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा तथा पुलिस बैंड की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी।

इसके अलावा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ समेत सभी जिला मुख्यालयों पर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विभाजन से प्रभावित पंजाबी, सिंधी, बंगाली परिवारों और बांग्लादेश से आए शरणार्थियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। कई स्थानों पर कैंडल मार्च भी निकाले जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, अमृत सरोवरों और ग्राम सचिवालयों में कार्यक्रम आयोजित करने तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के योगदान से नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular