Homeउत्तर प्रदेशराहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र पर पहुंचे भाजपा विधायक...

राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र पर पहुंचे भाजपा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार को प्रयागराज के ममफोर्ड गंज स्थित पारसी कब्रिस्तान पहुंचकर पूर्व सांसद और राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी की कब्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर फिरोज गांधी की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे के मद्देनजर वह उनसे पूछना चाहते हैं कि आखिर वह अपने दादा फिरोज गांधी को श्रद्धांजलि देने क्यों नहीं आते। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति अपने पूर्वजों और बड़ों का सम्मान करना सिखाती है। यदि ऐसा नहीं किया जाता तो युवा पीढ़ी को संस्कारों का संदेश देने का नैतिक अधिकार कैसे बनता है।

भाजपा विधायक ने अपने बयान में कहा कि भारतीय संस्कृति में पूर्वजों का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “सबका सहयोग” के संकल्प से प्रेरित होकर वह फिरोज गांधी की कब्र पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं।

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों को पारसी कब्रिस्तान में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और एक स्थायी केयरटेकर की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देने की बात भी कही। इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी को लेकर दिए गए सिद्धार्थ नाथ सिंह के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में इसे लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular