रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा मंच ‘रंग दे बसंती’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं और नवोदित कलाकारों ने अध्यात्म, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। लगातार चौथे दिन आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
गणेश वंदना और देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
कार्यक्रम में अविजित सिंह, संध्या, हीना और ज्योति ने ‘ओ गणनायक’ पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर गणेश वंदना की। युवा गायक साहिल श्रीवास्तव ने ‘देवा श्री गणेशा’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ जैसे भजनों से आध्यात्मिक माहौल बनाया। वहीं पार्श्व गायक जावेद ने ‘एक राधा एक मीरा’, ‘मेरे देश की धरती’, ‘चक दे इंडिया’ और ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’ जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
अवधी लोकनृत्य और गरबा-डांडिया पर झूमे दर्शक
खुशी एंड टीम की संध्या, हीना, ज्योति, निष्ठा और निक्की ने गरबा-डांडिया की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों के साथ दर्शक भी झूमते नजर आए। लोगों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। वहीं ‘सैयां मिले लरिकइयां मैं का करूं’ गीत पर अवधी लोकनृत्य ने खूब वाहवाही बटोरी। ‘सिया जी बहिनिया हमार हो, राम लगिहैं पहुंनवा’ की प्रस्तुति के जरिए कलाकारों ने राम-सीता विवाह प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया।
यशराज एंड टीम बैंड की लाइव प्रस्तुति ने जीता दिल
यशराज एंड टीम बैंड ने भी लाइव प्रस्तुति दी। यशराज गुप्ता ने बॉलीवुड और सूफी गीतों से समां बांधा। उनके साथ गिटार पर अभिषेक और अभिनव, कीबोर्ड पर सुमित और ड्रम पर रघु ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन अंबुज ने किया।
‘योगी हैं तो गुंडों का सफाया हुआ’ लिखकर जताया समर्थन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ लगाई गई ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। यहां पहुंचे लोगों ने कैनवास पर अपने विचार लिखे। रोहित गुप्ता ने ‘योगी हैं तो गुंडों का सफाया हुआ’, अंशिका ने ‘वी लव बुलडोजर बाबा’ और पुलकित ने ‘वन गोल-वन मिशन-योगी 3.0’ लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। वहीं एक प्रशंसक ने ‘वी लव योगी बाबा’ लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना समर्थन जताया।
