Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या में बनेगा यूपी का पहला फ्लावर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, किसानों और...

अयोध्या में बनेगा यूपी का पहला फ्लावर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, किसानों और युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ

रामनगरी अयोध्या में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी पहल की है। पिरखौली क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर’ स्थापित किया जाएगा। तीन हेक्टेयर भूमि पर बनने वाला यह केंद्र फूलों की आधुनिक खेती का प्रमुख हब बनेगा।

उद्यान विभाग के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीक, नई प्रजातियों और आधुनिक खेती के तरीकों से जोड़ना है। यहां डच रोज़ और गेंदे समेत कई उच्च गुणवत्ता वाले फूलों की प्रजातियां तैयार की जाएंगी। किसानों को कीट प्रबंधन, ड्रिप इरिगेशन, विपणन और वैज्ञानिक खेती की विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

यह केंद्र श्री राम मंदिर में प्रतिदिन होने वाली पूजा-अर्चना के लिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण फूलों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। इससे बाहर से फूल मंगाने पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

परियोजना के तहत आधुनिक ग्रीनहाउस, सोलर पावर, ड्रिप सिंचाई और टिश्यू कल्चर लैब जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही, फूलों की खेती, पैकेजिंग, परिवहन और मार्केटिंग से जुड़े कार्यों में स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

सरकार का मानना है कि यह पहल कृषि विविधीकरण और किसान आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। अयोध्या मॉडल की सफलता के बाद इसी तर्ज पर मथुरा और वाराणसी में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular