एनसीपी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार ने आरक्षण के मुद्दे पर बयान दिया है. पवार ने कहा है कि आरक्षण की सीमा 50 फ़ीसदी से बढ़ाकर 75 फ़ीसदी की जानी चाहिए.
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में शरद पवार ने आरक्षण के मुद्दे पर यह बयान दिया है.शिव सेना के मुख पत्र (यूबीटी) ‘सामना’ में छपी एक ख़बर के मुताबिक़ पवार ने कहा है कि मराठा आरक्षण के साथ ही आरक्षण की मांग कर रहे अन्य वर्गों को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए.
पवार ने तर्क दिया है कि जिन लोगों को आरक्षण नहीं मिला है उन्हें नई सीमा में शामिल किया जा सकता है.शरद पवार का कहना है कि इससे महाराष्ट्र में आरक्षण के मुद्दे पर विवाद ख़त्म हो जाएगा.
शरद पवार ने मांग की है कि केंद्र सरकार को इसका समर्थन करना चाहिए और उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी. उन्होंने इसके लिए संसद में क़ानूनी संशोधन की मांग की है.
शरद पवार ने कहा है कि जब तमिलनाडु में 78 फ़ीसदी आरक्षण हो सकता है तो महाराष्ट्र में 75 फ़ीसदी क्यों नहीं हो सकता है.
शरद पवार ने कहा है कि लोगों की मांग है कि मराठा आरक्षण मिलना चाहिए, लेकिन इसका भी ध्यान रखना ज़रूरी है कि दूसरे वर्गों को मिल रहा आरक्षण इससे प्रभावित न हो.
महाराष्ट्र राज्य में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. राज्य में मराठा आरक्षण की मांग एक बड़ा मुद्दा है. इस मांग को लेकर महाराष्ट्र मराठा आंदोलन होते रहे हैं.
