विजयदशमी के अवसर पर नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत स्वयंसेवकों को संबोधित किया. साल 1925 में विजयदशमी के दिन ही नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी.
इस मौके पर उन्होंने इसराइल हमास के बीच चल रही लड़ाई का भी ज़िक्र किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “इसराइल और हमास के बीच जो लड़ाई हो रही है वो अब और कितनी व्यापक होगी और उसकी आग में कौन-कौन से देश और झुलसेंगे इसकी चिंता पूरी दुनिया को है.”
इसराइल और हमास के बीच सात अक्तूबर 2023 से ही संघर्ष जारी है.वहीं इसराइल हमास के अलावा लेबनान में ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह के साथ भी संघर्ष में है.पिछले कुछ दिनों में इसराइल के लेबनान में किए गए हमलों में संयुक्त राष्ट्र संघ के पीसकीपर्स के घायल होने की ख़बरें भी सामने आई हैं.
लेबनान में इसराइल के हमलों में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के दो सैनिकों के घायल होने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान लिखा है.
विदेश मंत्रालय ने कहा, “ब्लू लाइन के पास बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर हम काफी चिंतित हैं. हम हालात पर बारीकी से नज़र बनाए रखना जारी रखेंगे.”वहीं ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि पिछले 24 घंटे में 61 लोगों की मौत हुई है और 231 लोग घायल हुए हैं.
अपने नियमित अपडेट में हमास ने कहा है कि पिछले साल 7 अक्तूबर के बाद से अब तक इसराइली हमलों में ग़ज़ा में 42,126 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है और 98,117 फ़लस्तीनी लोग घायल हुए हैं.
