चुनाव आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीख़ों की घोषणा कर दी है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव होगा. यहाँ 20 नवंबर को मतदान होंगे और 23 नवंबर को मतगणना होगी.”
उन्होंने कहा, “झारखंड में दो चरण में मतदान होंगे. पहले चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा. दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी.”
राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को ख़त्म हो जाएगा. वहीं. झारखंड विधानसभा का कार्यकाल पाँच जनवरी 2025 में ख़त्म होगा.राजीव कुमार ने कहा, “महाराष्ट्र और झारखंड में एजेंसियों को सख्त निर्देश दिया है कि वो निष्पक्ष चुनाव कराएंगे.”
