हरियाणा के विधानसभा चुनाव नतीज़ों के बाद अब नायब सिंह सैनी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ नायब सिंह सैनी 17 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे.
इस बात का एलान गृह मंत्री अमित शाह ने किया. अमित शाह को पार्टी ने हरियाणा का पर्यवेक्षक बनाया था.अमित शाह ने कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया है. अब 10 सालों के बाद एक बार फिर से डबल इंजन की सरकार यहां पर काम करेगी.”
नायब सिंह सैनी ने इसी साल मार्च में हरियाणा के सीएम के तौर पर शपथ ली थी. वहीं हाल ही में हुए हरियाणा के विधानसभा चुनावी नतीजे भी चौंकाने वाले रहे.ऐसा इसलिए है क्योंकि लगभग सभी एग्जिट पोल्स में ऐसा दिखाया जा रहा था कि नतीजों में कांग्रेस को बहुमत मिलने वाला है.
लेकिन आख़िरी नतीजों में बीजेपी ने एक बार फ़िर से राज्य की सत्ता हासिल की.चुनावी परिणामों में जहां बीजेपी को 48 सीटों पर जीत के साथ एक बार फिर से बहुमत हासिल किया.वहीं कांग्रेस एक बार फिर से राज्य की सत्ता हासिल करने में फिर नाकाम रही.
