बीजेपी नेता और पूर्व पहलवान बबीता फोगाट ने बिना नाम लिए साक्षी मलिक के दावों का जवाब दिया है. बबीता फोगाट ने ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक पर अपनी किताब के लिए पब्लिसिटी स्टंट अपनाने का आरोप लगाया है.
बबीता फोगाट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “खुद के किरदार से जगमगाओ, उधार की रोशनी कब तक चलेगी. किसी को विधानसभा मिला, किसी को मिला पद. दीदी तुमको कुछ न मिला, हम समझ सकते है तुम्हारा दर्द. किताब बेचने के चक्कर में अपना ईमान बेच गई.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पूर्व महिला पहलवान साक्षी ने दावा किया कि बीजेपी नेता और महिला पहलवान बबीता फोगाट ने बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण के ख़िलाफ़ साज़िश रची थी और वह कुश्ती फेडरेशन की चेयरपर्सन बनना चाहती थी.
बृजभूषण शरण के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करने वाले तीन बड़े चेहरों में साक्षी भी शामिल थीं. अब उन्होंने अपनी किताब ‘विटनेस’ के ज़रिये अपने करियर के संघर्ष के बारे में बहुत कुछ लिखा है. बीजेपी नेता और पूर्व पहलवान बबीता फोगाट के बारे में साक्षी मलिक ने बड़ा दावा किया है और लिखा कि वह ख़ुद को पहलवानों को शुभचिंतक बताती थीं. लेकिन इसमें उनका स्वार्थ था.
