कांग्रेस ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी. इस लिस्ट में 23 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. कांग्रेस की यह दूसरी लिस्ट केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के बाद आई है.
कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से इस बारे में पोस्ट करते हुए लिखा, ” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित ‘केंद्रीय चुनाव समिति’ की बैठक में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट.”
इससे पहले कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी. इस लिस्ट में कांग्रेस ने 48 उम्मीदवारों को टिकट दिया था. अब दूसरी लिस्ट के साथ कांग्रेस के उम्मीदवारों की संख्या 71 पर पहुंच गई है. कांग्रेस का यह भी कहना है कि महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है.
कांग्रेस के मुताबिक़ महाविकास अघाड़ी मे शामिल पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे की बात शनिवार की शाम तक तय हो जाएगी.महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान हो गया है. राज्य में विधानसभा के चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होंगे. वहीं नतीजे 23 नवंबर को जारी होंगे.
