सऊदी अरब ने ईरान पर किए गए इसराइली हवाई हमलों की निंदा की है. सऊदी अरब ने इसराइली हमले को ईरान की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन बताया है.
सऊदी प्रेस एजेंसी के बयान के मुताबिक़, सऊदी अरब ने इसराइल और ईरान दोनों से ही संयम बरतने और तनाव को कम करने की अपील की है.
इसके साथ ही सऊदी अरब ने चेतावनी देते हुए कहा है कि मध्य-पूर्व क्षेत्र में चल रहे सैन्य संघर्षों के गंभीर परिणाम सामने आएंगे.सऊदी अरब ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस क्षेत्र में तनाव को कम करने और जारी संघर्ष को ख़त्म करने के लिए अपनी भूमिका और ज़िम्मेदारियों को निभाने की अपील भी की है.
इससे पहले इसराइल ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए थे. अमेरिका ने इसराइल को ईरान के तेल और परमाणु ठिकानों से दूर रहने की चेतावनी भी दी है.साथ ही अमेरिका ने ईरान से इसराइली हवाई हमलों का जवाब ना देने की अपील भी की है.
