जम्मू कश्मीर में एक बार फ़िर से भारतीय सेना पर हमला हुआ है. भारतीय सेना ने एक्स पर लिखा, “आतंकवादियों ने असारी और सुंदरबनी में सेना के काफ़िले पर गोलियां चलाई हैं. हमारे सैनिकों ने तुरंत जवाब दिया और हमले को विफल किया. कोई घायल नहीं हुआ है. आंतकवादियों को ख़िलाफ़ सर्च ऑपरेशन जारी है.”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सुरक्षा अधिकारियों को खौर के भट्टल इलाके में असन मंदिर के पास ग्रामीणों ने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना दी थी.
पीटीआई को अधिकारियों ने बताया कि जब सेना की एक एंबुलेंस वहां से गुजर रही थी, तभी गांव में कुछ गोलियों की आवाज सुनी गई.बीते गुरुवार को कश्मीर गुलमर्ग इलाके में भी सेना के वाहन पर हमला हुआ था. हमले में दो सैनिकों और दो नागरिकों की मौत हो गई थी.
