महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी के ‘बँटेंगे तो कटेंगे’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक हैं तो सेफ़ हैं’ वाले नारे पर राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है.अब राहुल गांधी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में एक तस्वीर को साझा करते हुए कहा, “मन की बात अब ज़ुबान पर.”
अपनी एक और पोस्ट में उन्होंने एक हादसे की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, “आम लोग कब सेफ़ होंगे, मोदी जी? आप तो बस ‘एक’ अडानी को सेफ़ करने में लगे हुए हैं. ये भयावह तस्वीर और ख़बर भारतीय रेल की लंबी लापरवाही, उपेक्षा और जान बूझकर की गई कम भर्तियों का परिणाम है.”
इससे पहले रविवार को भी महाविकास अघाड़ी का संयुक्त घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इन नारों पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा था, “आपने मनुस्मृति को स्वीकार करके पहले ही समाज को बाँट दिया है. अब और बाँटना चाहते हैं. कौन काटने को कहता है. आप 140 करोड़ जनता को काटेंगे.”
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा था, “बाँटना नहीं है, इसीलिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी क़ुर्बानी दे दी. योगी जी और मोदी जी का नारा अलग-अलग है. मोदी जी कहते हैं कि ‘एक हैं तो सेफ़ हैं.’ हमने एकता और आज़ादी के लिए जान क़ुर्बान की है. हमारे लोगों ने लड़ा है और आज़ादी दिलाई है. जिन्होंने आज़ादी दिलाई उनको ही मारने वाले लोगों में से आप हैं.”
