भारत के उत्तर पूर्वी राज्य मणिपुर के ज़िरीबाम ज़िले में अनिश्चतकाल के लिए कर्फ़्यू लगा दिया गया है. यह कर्फ़्यू ज़िले में सोमवार को संदिग्ध चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ के बाद लगाया गया है.
मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि सोमवार दोपहर बाद क़रीब 3 बजे ज़िरीबाम के जकुराडोर और बोरोबेकरा पुलिस स्टेशन के क़रीब मौजूद सीआरपीएफ़ कैंप को हथियारबंद चरमपंथियों ने निशाना बनाया.
मणिपुर पुलिस ने इस घटना के बारे में लिखा है, “हथियारबंद चरमपंथियों ने जिरीबाम जिले के जकुराडोर इलाके में स्थित सीआरपीएफ के एक पोस्ट पर हमला कर दिया. जिसके बाद बचाव में सुरक्षाबलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की. यह मुठभेड़ क़रीब 40 मिनट तक चली और बाद में 10 हथियारबंद चरमपंथियों के शव बरामद किए गए.”
पुलिस के मुताबिक़ “इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान संजीव कुमार को गोली लगी है. फिलहाल उन्हें असम के सिलचर स्थित मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है.”
खबरों के मुताबिक़ ज़िले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ़िलहाल ज़िले में कर्फ़्यू लगा दिया गया है.मणिपुर में लंबे समय से हिंसा का दौर चल रहा है. इस हिंसा में कई लोगों की जान जा चुकी है और संपत्ति को भी भारी नुक़सान हुआ है.इस हिंसा पर विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं.
