नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुई ट्रेड डील को लेकर किसानों और डेयरी उत्पादकों में चिंता जताई जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार ने साफ किया है कि किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि डील के तहत भारतीय कृषि और डेयरी उत्पादों के लिए कोई नया बाजार नहीं खोला गया है और मुख्य फसलें, अनाज, फल और बाजरा पूरी तरह सुरक्षित हैं।
शिवराज सिंह ने कहा, “किसान हमारे अन्नदाता हैं। अन्नदाता का मतलब जीवन देने वाला। उनके हित देश के हित हैं, जिनकी रक्षा की गई है। किसानों की सेवा करना हमारे लिए भगवान की सेवा करने जैसा है।” उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेड डील कूटनीति, विकास और सम्मान का नया उदाहरण है और इसमें संतुलित और मजबूत आपसी बातचीत पर भरोसा किया गया है।
कृषि मंत्री ने अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी के ट्वीट और मीडिया में उठी अफवाहों को लेकर कहा, “हमारे मंत्री पीयूष गोयल ने संसद में पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी है। कोई ऐसा बाजार नहीं खोला गया है जिससे भारतीय किसानों को नुकसान पहुंचे। चाहे वे छोटे किसान हों या बड़े, सभी कृषि उत्पाद सुरक्षित रहेंगे। डेयरी प्रोडक्ट भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।”
शिवराज सिंह ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य दल मानसिक रूप से परेशान हैं और अफवाहें फैला कर अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि टैरिफ में कमी से भारतीय निर्यात बढ़ेगा, जिससे कपास और अन्य फसल उगाने वाले किसानों को भी लाभ होगा।
