बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय लाडो खातून ने कथित तौर पर प्रेमी की बेवफाई और सामाजिक अपमान से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, लाडो खातून की शादी जुलाई 2025 में बौंसी निवासी मोहम्मद हासिब के साथ हुई थी। शुरुआती कुछ महीने सामान्य रहे, लेकिन शादी के करीब पांचवें महीने में लाडो का पड़ोस के युवक गुफरान से प्रेम संबंध शुरू हो गया। यह रिश्ता परिवार और पति से छिपाकर चल रहा था।
घटना से करीब 10 दिन पहले लाडो अपने पति के साथ मायके आई थी। बुधवार को जब उसका पति बाजार गया हुआ था, उसी दौरान गुफरान उससे मिलने घर पहुंच गया। इसी बीच पति के अचानक लौटने पर दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया गया। विरोध करने पर गुफरान और उसके साथियों ने पति की पिटाई कर दी।
मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में गुफरान के सामने लाडो को अपनाने या शादी करने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन उसने सार्वजनिक रूप से इनकार कर दिया। इस घटना से लाडो गहरे मानसिक आघात में चली गई।
बताया जा रहा है कि पंचायत में हुई बेइज्जती और भविष्य को लेकर डर के चलते लाडो ने देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी गुफरान व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
