रिपोर्ट: अचल प्रताप सिंह | बरेली
बरेली के सिविल लाइंस इलाके से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की वसूली की गई। पुलिस ने इस मामले में जिम ट्रेनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सिविल लाइंस स्थित मुख्य डाकघर के पास बने “अल्टीमेट फिटनेस क्लब” जिम में आरोपी अकरम खान ने महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने जिम के सीसीटीवी सिस्टम का दुरुपयोग करते हुए इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो बनाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग, लाखों की वसूली
जांच के मुताबिक, आरोपी मई 2024 से पीड़िता का लगातार शोषण करता रहा। वीडियो के जरिए धमकाकर उससे लाखों रुपये वसूले गए। आरोप है कि आरोपी ने पहले 10 लाख रुपये और बाद में 50 लाख रुपये की मांग की। मानसिक दबाव और डर के चलते पीड़िता काफी समय तक चुप रही, लेकिन हालात बिगड़ने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में आरोपी का भाई आलम भी शामिल था। दोनों आरोपी पीड़िता का पीछा करते थे और उसके बच्चों तक की जानकारी जुटाकर उसे लगातार डराते-धमकाते थे। इससे पीड़िता गंभीर मानसिक तनाव में आ गई थी।
पुलिस की कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अकरम खान और उसके भाई आलम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
