राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और IBM-1M1B फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रोजगार मेले का उद्घाटन किया। मेले में 25 निजी कंपनियों ने करीब 2,780 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू आयोजित किए। चयनित अभ्यर्थियों को 10,200 से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन देने की पेशकश की गई।

हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा सुबह से ही इंटरव्यू के लिए पहुंच गए। इंटरव्यू देने के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। लखनऊ मंडल के सहायक निदेशक (सेवायोजन) सूर्यकांत ने बताया कि रोजगार मेले के लिए करीब 5 हजार पंजीकरण हुए थे, जबकि 4 हजार से अधिक अभ्यर्थी मौके पर पहुंचे।

फ्रेशर्स और अनुभवी दोनों के लिए अवसर
एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज की निदेशक नेहा प्रकाश ने बताया कि रोजगार मेले में फ्रेशर्स के साथ-साथ अनुभवी अभ्यर्थियों के लिए भी विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए गए।
‘आप में से कितने लोग Gen-Z हैं?’
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने युवाओं से संवाद करते हुए पूछा, “आप में से कितने लोग Gen-Z हैं?” उन्होंने बताया कि गोरखपुर में स्थापित AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में निःशुल्क रिसर्च और प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है।
UPSDM और IBM के बीच हुआ MoU
रोजगार मेले के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी हुआ। इस साझेदारी के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल स्किल्स और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड जॉब प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।

मंत्री अनिल राजभर ने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि योगी सरकार के पिछले नौ वर्षों में 8.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि 16 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि 40 लाख युवाओं की करियर काउंसलिंग की गई है और सरकार का लक्ष्य हर वर्ष 30 से 35 हजार युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराना है।
अभ्यर्थियों ने रखी अपनी राय
गोंडा से आए सचिन कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने कंप्यूटर साइंस में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा किया है, लेकिन मेले में तकनीकी प्रोफाइल की नौकरियां कम थीं। उन्होंने तीन कंपनियों में इंटरव्यू दिया है और अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं नितेश कुमार सिंह को इंडियन पावर सिस्टम में करीब 3.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज का जॉब ऑफर मिला। सिद्धार्थनगर के आदर्श कुमार, जिन्होंने जीएल बजाज कॉलेज से एमबीए किया है, उन्हें भी एक निजी कंपनी ने शॉर्टलिस्ट किया।
10वीं पास से ग्रेजुएट तक को मिला मौका
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीई-बीटेक और स्नातक पास अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रही। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेले में शामिल होना था।
