रिपोर्ट रामजी व्यास
जालौन। जिले के कदौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत परासन के मजरा कुइयाझोर में सड़क की बदहाली ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। 58 वर्षीय शर्मन की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मुख्य सड़क तक तो पहुंच गई, लेकिन लगातार बारिश से कच्चा रास्ता दलदल में बदल जाने के कारण गांव तक नहीं पहुंच सकी।
मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों ने शर्मन को चारपाई पर लिटाकर करीब 300 मीटर तक कीचड़ और दलदल के बीच कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाने की कोशिश की। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि हर बरसात में गांव का संपर्क मुख्य सड़क से लगभग कट जाता है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। उनका आरोप है कि खराब सड़क और पुलिया के अभाव के कारण हर साल ऐसी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव तक पक्की सड़क और पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बेहतर सड़क और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता से भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है।
