लखनऊ। 1828 पदों पर सहायक लेखाकार भर्ती का अंतिम परिणाम जारी न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने गुरुवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित पिकअप भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द अंतिम परिणाम घोषित करने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, इसके बावजूद आयोग अब तक अंतिम परिणाम जारी नहीं कर रहा है।
उनका आरोप है कि आयोग लगातार आश्वासन देकर समय टाल रहा है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि परिणाम जारी करने की स्पष्ट तारीख घोषित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023 की PET परीक्षा से शुरू हुई थी। इसके बाद फरवरी 2024 में भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ और फरवरी 2025 में मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 1 जनवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच पूरा हो चुका है, लेकिन सात महीने बीतने के बाद भी अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया।
बलिया से आए अभ्यर्थी नीत श्रीवास्तव ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से आयोग के चक्कर लगा रहे हैं।
उनका कहना है कि 16 जुलाई 2026 को आयोग के सचिव ने इसी महीने परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई घोषणा नहीं हुई। अभ्यर्थियों ने आयोग से देरी का कारण सार्वजनिक करने और जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
