Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी बोले- जाति के नाम पर समाज और महापुरुषों को बांटने...

सीएम योगी बोले- जाति के नाम पर समाज और महापुरुषों को बांटने की कोशिश होगी, विभाजन नहीं होने देना है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नकारात्मक ताकतें जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास करेंगी। महापुरुषों को भी जातीय आधार पर बांटने की कोशिश होगी, लेकिन इसे सफल नहीं होने देना है। महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के होते हैं।

मुख्यमंत्री सोमवार को मेरठ में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश है। भाजपा कार्यकर्ता को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुखों से प्रत्येक बूथ की समीक्षा करने, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करने और एक-एक परिवार की मैपिंग करने का आह्वान किया।

नए भारत की बदली पहचान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बदलाव आया है। उनके अनुसार, आज भारत अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि जो काम लंबे समय तक संभव नहीं हो पाया, वह अब संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान भी बदली है। पहले प्रदेश को लेकर अलग तरह की धारणा थी, लेकिन अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाओं के जरिए विकास और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है।

मेरठ में विकास परियोजनाओं का जिक्र

सीएम योगी ने मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत ट्रेन, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश का जिक्र किया।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और परंपरागत उद्यमों के जरिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारियां तय करने और प्रत्येक परिवार तक संपर्क पहुंचाने को कहा।

उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से मिले मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

पंकज चौधरी बोले- शक्ति केंद्र भाजपा की रीढ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि शक्ति केंद्र पार्टी की रीढ़ हैं और इनके कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र प्रमुख अपने क्षेत्र के तीन से पांच बूथों की पूरी जानकारी रखें, जिससे चुनाव से पहले संगठन की स्थिति का आकलन किया जा सके।

उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले और वर्तमान स्थिति में बदलाव आया है। कार्यकर्ता लक्ष्य और प्रत्याशी से ऊपर पार्टी के संगठन और चुनाव चिह्न को प्राथमिकता देकर काम करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular