Homeउत्तर प्रदेश10 साल में प्रदेश का निर्यात 2.27 गुना बढ़कर ₹2 लाख करोड़...

10 साल में प्रदेश का निर्यात 2.27 गुना बढ़कर ₹2 लाख करोड़ के पार पहुंचा: सीएम योगी

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क ,लखनऊ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तर प्रदेश के बढ़ते निर्यात और भदोही के कालीन उद्योग की वैश्विक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश आज देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन चुका है

उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश का निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़कर ₹2 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है। इसमें भदोही के हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि भदोही का हुनर अब विकास, बाजार और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ रहा है।

जिन कारीगरों की मेहनत ने भदोही के कालीनों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाया, उनके लिए अब बेहतर सुविधाओं और वैश्विक बाजार तक पहुंच के नए रास्ते तैयार किए जा रहे हैं।

दुनिया में बढ़ रही भदोही के कालीन की मांग

सीएम योगी ने कहा कि हाथ से तैयार किए जाने वाले भदोही के कालीनों की दुनियाभर में मजबूत मांग है। अपनी गुणवत्ता और कारीगरी के कारण ये कालीन अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और हुनर की पहचान बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास कारीगरों के हुनर को बाजार से जोड़ने, उद्यमियों को विस्तार का अवसर देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते तैयार करने पर केंद्रित है।

‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि वह रविवार को एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों के साथ संवाद भी करेंगे।

उन्होंने कहा कि कारीगर के हुनर को सम्मान, उद्यम को विस्तार और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के मेल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

1,340 करोड़ की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अवसर पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular