रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
यूपी पुलिस में सिपाही भर्ती के लिए चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान गाजियाबाद में लगातार दूसरे दिन एक और अभ्यर्थी की मौत से हड़कंप मच गया। गोविंदपुरम स्थित पीएसी की 47वीं बटालियन के मैदान में दौड़ के दौरान दो दिनों में दो अभ्यर्थियों की जान जा चुकी है।
मृतकों में मथुरा निवासी अतुल कुमार (26) और शामली निवासी विवेक कुमार (23) शामिल हैं। वहीं मंगलवार को दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने पर 12 अभ्यर्थियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें तीन के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, मथुरा के गांव कारब निवासी सतीश चंद्र के पुत्र अतुल कुमार 5 अक्टूबर को सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में दौड़ में शामिल हुए थे। दौड़ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं मंगलवार को शामली के गांव पुरमाफी निवासी बालेंद्र सिंह के पुत्र विवेक कुमार की भी दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ गई। उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दोनों अभ्यर्थियों की मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सांस फूलने और सीने में दर्द की शिकायत
शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के बीमार पड़ने का सिलसिला भी जारी रहा। मंगलवार को अस्पताल पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और कमजोरी की शिकायत की।
मथुरा निवासी हेमेंद्र और बंटी को सांस संबंधी परेशानी के चलते भर्ती किया गया। भाविक और गौरव को भी सांस लेने में दिक्कत हुई। सूरज को सीने में दर्द की शिकायत पर इमरजेंसी में उपचार दिया गया, जबकि मथुरा निवासी अंकित को सीने में दर्द होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। सचिन को सांस लेने में परेशानी के कारण इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
शामली निवासी अंकुर के दाएं पैर में परेशानी बताई गई। वहीं योगेश और गोविंदपुरम निवासी राहुल को अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते उपचार दिया गया।
इससे पहले सोमवार को भी तीन अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर कुछ अभ्यर्थियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ का इलाज जारी रहा।
