Homeउत्तर प्रदेशयोगी को प्रधानमंत्री बनाने की मुहिम लेकर अजीतमल पहुंचे गोल्डन बाबा

योगी को प्रधानमंत्री बनाने की मुहिम लेकर अजीतमल पहुंचे गोल्डन बाबा

रिपोर्ट – दीपक अवस्थी 

अजीतमल (औरैया)।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री बनाने की मुहिम लेकर प्रदेश के भ्रमण पर निकले गोल्डन बाबा शनिवार को औरैया जिले के अजीतमल पहुंचे।

यहां उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण की अपील की। साथ ही लोगों से अपनी मुहिम में भागीदारी करने का आह्वान किया।

अजीतमल कस्बे के मोहल्ला गांधीनगर निवासी राष्ट्रीय परशुराम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपिन तिवारी के आवास पर पहुंचे गोल्डन बाबा ने बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों का भ्रमण कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि औरैया उनकी यात्रा का 26वां जिला है। उनका लक्ष्य वर्ष 2026 के अंत तक प्रदेश के सभी जिलों का भ्रमण पूरा करना है।

गोल्डन बाबा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री बनाए जाने की अपनी मुहिम के बारे में लोगों को जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को लेकर वह लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं और उन्हें अपनी मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे की बढ़ती लत से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचने के साथ ही समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में भी योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय परशुराम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपिन तिवारी ने गोल्डन बाबा का फूल-मालाओं और पटका पहनाकर स्वागत किया। उनके साथ पहुंचे संत शिरोमणि संतोष दास महाराज का भी अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर प्रबोध चतुर्वेदी, संजीव द्विवेदी, संदीप सेंगर, राजकुमार मिश्रा, विनय तिवारी और डॉ. प्रेम त्रिपाठी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गोल्डन बाबा का काफिला इटावा जिले के लिए रवाना हो गया।

 

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular