कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह की अध्यक्षता में मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी 17 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ पर विशेष अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 अक्टूबर को पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के साथ ही सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी सहयोग किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर बीएलओ के साथ समन्वय बनाने और पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला सहित अर्जुन पवन दीक्षित, प्रवीण मिश्रा, वंदना गुप्ता, सुषमा चौहान, जितेन सचान और राजन चौहान समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

