HomeUncategorizedलखनऊ में नैमिष नगर तक पहुंचेगा ग्रीन कॉरिडोर, 53 करोड़ से बनेगा...

लखनऊ में नैमिष नगर तक पहुंचेगा ग्रीन कॉरिडोर, 53 करोड़ से बनेगा 9.9 किमी लंबा रूट

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के विस्तार से नैमिष नगर योजना की कनेक्टिविटी बेहतर होने जा रही है। किसान पथ से आईआईएम रोड के बीच विकसित हो रहे ग्रीन कॉरिडोर को अब नैमिष नगर से सीधे जोड़ने की तैयारी है।

इसके लिए आईआईएम रोड स्थित घैला पुल से नैमिष नगर तक 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर रूट का निर्माण 53 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो गया है। इस परियोजना से आसपास की आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ नैमिष नगर योजना के विभिन्न सेक्टरों तक पहुंच आसान होगी।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पलहरी स्थित साइट ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क, सीवर, वॉटर लाइन और ड्रेनेज समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। फिलहाल 16 निविदाओं के माध्यम से अलग-अलग विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित स्थलों पर काम चलता मिला।

24 मीटर चौड़ी होगी कनेक्टिंग रोड

ग्रीन कॉरिडोर को नैमिष नगर से जोड़ने के साथ आईआईएम रोड से मुबारकपुर चौराहे होते हुए नैमिष नगर तक जाने वाली सड़क का भी चौड़ीकरण किया जाएगा। वर्तमान में यह सड़क करीब 10 मीटर चौड़ी है और इस पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसे बढ़ाकर 24 मीटर चौड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा 9.9 किलोमीटर लंबे रूट पर 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड और लिंक रोड का निर्माण कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने और यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सड़क के साथ बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर

एलडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को सड़क निर्माण के साथ सीवर, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी जैसी जरूरी सुविधाओं के कार्यों की भी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। नैमिष नगर योजना में विकसित हो रहे विभिन्न सेक्टरों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य है।

ग्रीन कॉरिडोर से जुड़ने के बाद नैमिष नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन के विकल्प बढ़ेंगे। परियोजना पूरी होने पर स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular