लखनऊ। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में हथियारों की सप्लाई करने वाले कथित नेटवर्क की कड़ियां उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इस मामले में हरियाणा के सोनीपत निवासी दो युवकों और उत्तर प्रदेश के सीतापुर व आजमगढ़ की रहने वाली दो युवतियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने हथियारों को मुंबई पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनीपत निवासी कुनाल (21) और सुमित (19), सीतापुर जिले के मिश्रिख थाना क्षेत्र के नहवइया गांव निवासी राधा (23) और आजमगढ़ जिले के कोठियार निवासी बबीता (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।
अमृतसर से जुटाई गई पिस्टल और 20 कारतूस
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे। इसके बाद सीतापुर की राधा और आजमगढ़ की बबीता के जरिए हथियार मुंबई पहुंचाया गया। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
एन्क्रिप्टेड एप के जरिए संपर्क में था आरोपित
जांच में सामने आया है कि कुनाल कथित तौर पर एन्क्रिप्टेड एप के माध्यम से अनिल पंडित के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर काम कर रहा था। आरोप है कि मुंबई में फायरिंग की घटना के बाद जब शूटरों के वहां फंसने की सूचना मिली, तो कुनाल को उनके बाहर निकलने की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और हमलावरों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गईं। अब हथियारों की सप्लाई से जुड़े कथित नेटवर्क की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी कार्रवाई की है।
मुंबई पुलिस ने मांगी हिरासत में पूछताछ की अनुमति
दिल्ली पुलिस ने चारों आरोपितों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(बी) के तहत कलंदरा के माध्यम से अदालत में पेश किया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी, मुंबई की टीम ने अदालत में आवेदन देकर आरोपितों से हिरासत में पूछताछ करने और औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
