HomeUncategorizedअयोध्या दीपोत्सव 2026: 10वें दीपोत्सव के स्वागत में रामनगरी, सीएम योगी बोले-...

अयोध्या दीपोत्सव 2026: 10वें दीपोत्सव के स्वागत में रामनगरी, सीएम योगी बोले- हर लौ करेगी सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष

लखनऊ। अयोध्या में 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के साथ अपना उत्साह साझा किया। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा, सनातन संस्कृति के गौरव और सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि लाखों दीपों से जगमगाते सरयू तट, रामायण के प्रसंगों पर आधारित झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव का हर दीप प्रभु श्रीराम के प्रति अगाध श्रद्धा का प्रतीक होगा और उसकी हर लौ सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष करेगी। रामनगरी अपने इस भव्य आयोजन के जरिए देश-दुनिया के रामभक्तों को आस्था और परंपरा से जोड़ने के लिए तैयार है।

2017 से पहले उपेक्षा और बदहाली झेल रही थी अयोध्या: योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का सामना कर रही थी। उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलवाने और हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने से जुड़े आरोपों का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी सरकारों से रामनगरी के विकास की अपेक्षा कैसे की जा सकती थी।

राम मंदिर से सोलर सिटी तक बदली अयोध्या की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार रामनगरी को उसके प्राचीन वैभव के अनुरूप विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने भव्य श्रीराम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सुसज्जित रामपथ, विकसित घाटों और आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख किया। योगी के मुताबिक, सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता के संगम के रूप में अपनी नई पहचान बना रही है।

1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ सफर, विश्व रिकॉर्ड पर नजर

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई दीपोत्सव की यात्रा आज देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बन चुकी है। हर वर्ष इस आयोजन का स्वरूप और भव्य होता गया है। उन्होंने कहा कि इस बार भी रामभक्त दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए तैयार हैं।

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को उन पीढ़ियों के सपनों की अभिव्यक्ति बताया, जिन्होंने अयोध्या को उसके गौरवशाली और त्रेतायुगीन स्वरूप में देखने की अभिलाषा संजोए रखी। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का प्रत्येक दीप आस्था की विजय, सांस्कृतिक स्वाभिमान और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।

RELATED ARTICLES

Most Popular