लखनऊ। बलरामपुर चिकित्सालय में डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। यहां एक साल के मासूम के बाएं गुर्दे से करीब 1.2 किलोग्राम वजन का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया गया।

करीब चार घंटे तक चली जटिल सर्जरी के दौरान iडॉक्टरों ने बिना ट्यूमर को फैलाए उसे पूरी तरह बाहर निकालने में सफलता हासिल की। ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत सामान्य और संतोषजनक बताई जा रही है।
मासूम की पहचान सीतापुर जिले के बिसवां निवासी रियांश के रूप में हुई है। उसके पिता इम्तियाज पेशे से बढ़ई हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।
बच्चे के पेट के बाईं ओर पिछले करीब दो महीने से सूजन थी। स्थानीय डॉक्टर की सलाह पर परिजन उसे बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां बाल शल्य चिकित्सा विभाग में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार ने बच्चे की जांच की। अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन में उसके बाएं गुर्दे में विल्म्स ट्यूमर (किडनी कैंसर) होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। ऑपरेशन से पहले सभी जरूरी जांचें कराई गईं और असामान्य रिपोर्ट को उपचार के जरिए सामान्य किया गया।
6 नवंबर 2026 को डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक ऑपरेशन किया। इस दौरान 1.2 किलोग्राम वजन के ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकाल लिया गया। इतनी कम उम्र के बच्चे में इतने बड़े ट्यूमर की सर्जरी और लंबे समय तक एनेस्थीसिया देना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी।
मोबाइल देखते हुए वार्ड में खेल रहा मासूम
ऑपरेशन के बाद रियांश की स्थिति सामान्य है। उसके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर ठीक हैं। वह सामान्य रूप से खाना खा रहा है और मल त्याग भी कर रहा है। फिलहाल उसे बाल रोग वार्ड नंबर-3 में मां के साथ रखा गया है, जहां वह मोबाइल पर वीडियो देखते हुए खेल रहा है।
बच्चे के जन्म से ही कटे होंठ की समस्या थी। सात महीने की उम्र में स्माइल ट्रेन संस्था की मदद से उसका ऑपरेशन कराया गया था। हालांकि कटे तालू की सर्जरी अभी बाकी है। निकाले गए ट्यूमर को हिस्टोपैथोलॉजी जांच के लिए अस्पताल की पैथोलॉजी लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज की योजना तय होगी।
निदेशक ने टीम को दी बधाई
अस्पताल के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बीकेएस चौहान ने सफल ऑपरेशन पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बलरामपुर चिकित्सालय का उद्देश्य हर जरूरतमंद मरीज को गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे की इतनी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक करना चिकित्सकों की दक्षता और टीम भावना का प्रमाण है।
ऑपरेशन में वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार के साथ एनेस्थीसिया टीम के डॉ. एमपी सिंह, डॉ. सादिक अली मिर्जा और ऋषि शामिल रहे। वहीं नर्सिंग टीम से सिस्टर इंचार्ज निर्मला मिश्रा, उर्मिला सिंह, सरिता, अंजना सिंह, डॉ. एम. आरिज खान और राजू ने सहयोग किया।
