रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। नोटबंदी की 10वीं वर्षगांठ पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नोटबंदी को महाभ्रष्टाचार बताते हुए कहा कि यह फैसला स्लो पॉइजन की तरह काम कर रहा है। इससे आज भी हर वर्ग परेशान है। इस दौरान उन्होंने अपने अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही बयानबाजी पर भी पलटवार किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनके घर में शिव और राम गोपाल पहले से ही हैं। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अयोध्या ही नहीं जाएंगे, बल्कि जल्द ही वृंदावन का भी दौरा करेंगे।
नोटबंदी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने बैंकों को डुबाने के लिए नोटबंदी की थी। यह फैसला महाभ्रष्टाचार साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी के कारण कई कारखानों पर ताले लग गए और उद्योग बंद हो गए। इसका असर आज भी देश के हर वर्ग पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नोटबंदी के बाद अब भाजपा के लिए वोटबंदी भी होगी।
SIR को लेकर वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर एक करोड़ 27 लाख वोट कटने की आशंका है तो समाजवादी पार्टी की ओर से दिए गए सुझावों पर अमल किया जाना चाहिए।
उन्होंने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और मतदाताओं के लिए मेटल कार्ड बनाने का सुझाव दिया। अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब हर ग्राम सभा में बायोमेट्रिक मशीन उपलब्ध है तो मतदाताओं की पहचान बायोमेट्रिक तरीके से क्यों नहीं कराई जा रही है।
