Homeउत्तर प्रदेशछठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर सुरक्षा के लिए जारी...

छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, घाटों पर सुरक्षा के लिए जारी की एडवाइजरी

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा घाटों, तालाबों, सरोवरों और अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित, असुरक्षित और अधिक गहराई वाले स्थानों पर जाने से बचें। नदी में उतरते समय पानी की गहराई और बहाव का ध्यान रखें तथा घाटों पर लगी बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतों का पालन करें।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक भीड़, फिसलन और जलस्तर की अनदेखी से डूबने, भगदड़, नाव दुर्घटना, बिजली हादसे और आगजनी जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया है।

बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर

जिला प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों को घाटों पर अकेला न छोड़ें। भीड़ वाले स्थानों पर धक्का-मुक्की और दौड़ने से बचें और निर्धारित प्रवेश तथा निकास मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

नाव से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत नावों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक रहेगी। सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बिजली के तार और आगजनी से रहें सावधान

घाटों पर खुले बिजली के तारों, विद्युत पोल और अस्थायी बिजली कनेक्शनों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने घाटों पर पटाखे और आतिशबाजी नहीं करने तथा ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल से बचने को कहा है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी और जलाशयों में प्लास्टिक, पॉलीथिन और पूजा सामग्री न फेंकने की अपील भी की है। इससे घाटों की स्वच्छता के साथ जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी।

डूबने की घटना पर खुद पानी में न उतरें

किसी व्यक्ति के नदी में डूबने की स्थिति में प्रशासन ने लोगों को खुद पानी में उतरकर बचाव करने से मना किया है। ऐसी स्थिति में तत्काल जल पुलिस या प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना देने की सलाह दी गई है, ताकि राहत और बचाव कार्य सुरक्षित तरीके से किया जा सके।

आपात स्थिति में श्रद्धालु जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने नाविकों और पूजा आयोजकों से भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की है।

प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व को श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular