रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
ताजनगरी आगरा में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 6 शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। ये सभी आरोपी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय थे और मोबाइल छिनैती, ताले तोड़कर घरों में चोरी करने के साथ-साथ दुकानों से कॉपर तार चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए शातिर चोरी किए गए सामान को बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे और उसी से अपने शौक पूरे करते थे। पिछले तीन महीनों में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा थाना ट्रांसयमुना पुलिस टीम ने किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का बड़ा माल बरामद किया है, जिससे कई मामलों की गुत्थी सुलझ गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र की जनता ने थाना ट्रांसयमुना प्रभारी हरेंद्र कुमार और उनकी टीम का आभार जताया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
