आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बरहन तिराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना को लेकर जमकर हंगामा किया।
गुस्साए परिजनों ने नेशनल हाईवे के एक हिस्से को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। परिजन आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देवेश शर्मा एसीप एत्मादपुर आगरा
