रिपोर्ट – अमित शर्माआगरा।
बाह के एसएस गार्डन में समाजवादी पार्टी की रणनीतिक बैठक के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब विधानसभा चुनाव में दावेदारी को लेकर पार्टी नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नेताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक सपा की ओर से चुनाव आयोग के घेराव समेत आगामी रणनीति को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी दौरान विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर सुधीर दुबे और मुकेश बरुआ के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बहस बढ़ने पर दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। इस दौरान बैठक स्थल पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बैठक में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। चुनावी तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सपा की अंदरूनी खींचतान को लेकर भी चर्चाएं तेज कर दी हैं।
