रिपोर्ट – अमित शर्मा, आगरा
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने एक लेखपाल को गिरफ्तार किया है। एमएम गेट थाना क्षेत्र से लापता हुई छात्रा का शव इटावा जिले के बलरई क्षेत्र में यमुना नदी से बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा और आरोपी लेखपाल के बीच करीब दो साल से संबंध थे। आरोप है कि शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद छात्रा की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने कथित तौर पर एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि घटना के बाद लेखपाल ने शव को यमुना नदी में फेंक दिया। छात्रा के लापता होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया।
शादी को लेकर विवाद की बात आई सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली है। मामले में पुलिस आरोपी लेखपाल को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। छात्रा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

