Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में सीएम योगी ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर...

लखनऊ में सीएम योगी ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। लोकआस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में श्रद्धा और उल्लास के साथ संध्या अर्घ्य दिया गया।

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोमती नदी के किनारे लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं पर फूल भी बरसाए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी उनके साथ मौजूद रहे।

लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर छठ पूजा के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय बना दिया।

उनके साथ 100 से अधिक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने मालिनी अवस्थी को सम्मानित भी किया।

 110 घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

लखनऊ में गोमती नदी के किनारे करीब 110 घाटों पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। कई महिलाएं दंडवत करते हुए पूजा स्थल तक पहुंचीं। कहीं धोबिया नृत्य की प्रस्तुति हुई तो कहीं छठी मैया के गीत गूंजते रहे। बच्चों ने सूर्य भगवान और छठी मैया का स्वरूप धारण कर लोगों का ध्यान खींचा।

वाराणसी में भी छठ महापर्व की अलग ही रौनक देखने को मिली। राजा घाट पर छठ पूजा में शामिल होने के लिए फ्रांस से लिया वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने भारतीय परंपरा के अनुसार साड़ी पहनी और माथे पर सिंदूर लगाकर पूजा में हिस्सा लिया। लिया ने बताया कि वह खास तौर पर छठ महापर्व में शामिल होने के लिए वाराणसी आई हैं।

वहीं, वाराणसी के अस्सी घाट पर रूस की एक महिला भी छठ पूजा में शामिल हुईं। स्थानीय महिलाओं ने उन्हें सिंदूर लगाया और बेदी पूजन कराया।

कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और देवरिया समेत प्रदेश के कई जिलों में व्रती महिलाओं ने नदियों, तालाबों और पोखरों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाओं ने संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular