न्यूज डेस्क, लखनऊ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों का जीवन पाखंड से भरा है, उन्हें दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा में पाखंड दिखाई देता है।
ऐसे लोग छठ महापर्व में भी भेदभाव ढूंढते हैं। ये समाज और संस्कृति के दुश्मन हैं, जो भारत की सनातन परंपराओं को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी तट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही छठ के गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली पद्म विभूषण स्वर्गीय शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, जल और भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह श्रद्धा, पवित्रता और कठोर अनुशासन का संदेश देता है। मातृशक्ति 36 से 37 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए कठिन तपस्या करती है।
2017 से पहले उपद्रव, अब उत्तर प्रदेश में उत्सव का माहौल
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में उपद्रव की स्थिति रहती थी और तत्कालीन सरकारें व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं देती थीं। उस समय घाटों पर न सफाई होती थी और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहते थे। आज उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है।
उन्होंने कहा कि धनतेरस, दीपावली, अयोध्या दीपोत्सव और छठ महापर्व जैसे आयोजनों में लाखों श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना रहे हैं। वाराणसी में करीब 20 लाख और गोरखपुर में 16 लाख लोगों के छठ महापर्व में शामिल होने का अनुमान है। गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, देवरिया और कुशीनगर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में भी बड़ी संख्या में लोग इस पर्व को मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी महिला की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शारदा सिन्हा के गीतों में आज भी जीवित है छठ की परंपरा
मुख्यमंत्री ने लोकगायिका पद्म विभूषण स्वर्गीय शारदा सिन्हा को याद करते हुए कहा कि छठ हमारी लोक आस्था की आत्मा है और शारदा सिन्हा के स्वर इस महापर्व की सजीव धड़कन रहे हैं। उनके गीतों ने दशकों तक लोगों के मन में मिट्टी की सुगंध और लोक संस्कृति को जीवित रखा। वह भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीतों की गूंज हमेशा छठ घाटों पर सुनाई देती रहेगी।
लखनऊ की संस्कृति में पूर्वांचल और बिहार के लोगों का योगदान
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों परिवार रहते हैं। इन परिवारों ने अपनी मेहनत और उद्यमशीलता से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने लखनऊ को अपना घर बनाया है और लखनऊ ने भी उन्हें अपने परिवार का हिस्सा माना है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र से नहीं, बल्कि उसकी समावेशी संस्कृति और एकात्मता से है। छठ महापर्व इसका उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव और ऊंच-नीच के सभी लोग एक साथ सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
मालिनी अवस्थी ने छठ गीतों से बांधा समां
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से प्रकाशित ‘सनेश’ स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई के लिए संस्था के पदाधिकारियों की सराहना की। इस दौरान लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सूर्य उपासना का यह पर्व अब घर-घर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। 30 से 40 साल पहले लखनऊ में कुछ ही परिवार छठ मनाते थे, लेकिन आज यह शहर के प्रमुख पर्वों में शामिल हो चुका है।
कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान और मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश, अंबरीश राय और मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
