Homeउत्तर प्रदेशयूपी में स्कूल बस पर फायरिंग, गोलियों की आवाज सुन डरे बच्चे

यूपी में स्कूल बस पर फायरिंग, गोलियों की आवाज सुन डरे बच्चे

अमरोहा के दरियापुर बुजुर्ग गांव स्थित एसएसआरएस इंटरनेशनल स्कूल की बस पर शुक्रवार की सुबह तीन नकाबपोशों ने अचानक फायरिंग कर दी। बाइक सवार नकाबपोशों ने बस पर ईंटें भी बरसाईं। घटना से बस में सवार 28 विद्यार्थी दहशत में घिरे रहे। चालक ने बस दौड़ाकर खुद को व बच्चों को बचाया। पुलिस ने इस मामले में तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

गजरौला से दरियापुर बुजुर्ग गांव में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह का स्कूल है। उनकी पत्नी ब्लॉक प्रमुख हैं। वीरेंद्र सिंह के भतीजे पुनीत ने बताया कि चौकपुरी गांव निवासी मोंटी सैनी स्कूल बस पर चालक है।

वह इस बस से नगला माफी, चौकपुरी, लखमिया, हयातपुर आदि गांवों के बच्चों को स्कूल में लाने और घर पहुंचाने की ड्यूटी करता है। शुक्रवार सुबह वह बच्चों को लेकर आ रहा था। बस में 28 छात्र-छात्रा सवार थे। 7.50 बजे वह खादगुर्जर और नगला माफी के बीच एक पुलिया के निकट पहुंचा तो रास्ते में खड़े युवक ने अपनी बाइक रास्ते में लगाकर स्कूली बस रोक ली।

इस बीच आम के बाग में छिपे उसके दो साथी आ गए। उन्होंने बस पर फायरिंग कर दी। ईंटें भी बरसाईं। जिस पर चालक ने बस को गजरौला की तरफ तेज रफ्तार से दौड़ा दिया। बाइक सवारों ने उसका पीछा किया लेकिन चालक आगे बढ़ने में कामयाब रहा।

सुरक्षित जगह पहुंचकर चालक ने पुलिस और स्कूल प्रबंधन को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस आला अधिकारी मौके पर पहुंचे सहमे छात्र-छात्राओं से जानकारी ली। चालक से भी पूछताछ की। पुलिस ने चालक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी अनुज को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक गांव नगला माफी निवासी अनुज की स्कूटी पांच दिन पहले इस स्कूल बस से टकरा गई थी। उस वक्त बस चालक मोंटी और अनुज के बीच कहासुनी हुई थी। तब मामला शांत हो गया था, लेकिन अनुज उससे रंजिश रखने लगा। आरोप है कि रंजिश के चलते अनुज ने शुक्रवार को अपने दो साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular