रिपोर्ट – अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। 130वीं आदर्श रामलीला महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार शाम भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के बीच निकली शिव बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां बारात का प्रमुख आकर्षण रहीं। पूरे कस्बे में शिवभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शिव बारात की शुरुआत ऐरवा टीकुर स्थित रामलीला मैदान से हुई। यहां से बारात सर्राफा बाजार होते हुए कटरा चौराहे की ओर रवाना हुई। रास्ते भर श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते और नृत्य करते नजर आए।
भगवान शिव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बारात में शामिल आकर्षक झांकियों को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ बारात का स्वागत किया।
बारात जब कटरा थाना परिसर पहुंची, तो थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने परंपरागत रूप से भगवान शिव की आरती उतारी और विधि-विधान से पूजन किया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शिव बारात के दौरान कस्बे में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस भव्य आयोजन में रामलीला कमेटी के प्रबंधक इंद्रप्रकाश तिवारी, अध्यक्ष सरमन सिंह प्रधान, रानू पालीवाल, पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार यादव, रमेश चंद्र शुक्ला, मनोज शर्मा, प्रधान चंद्रशेखर गुप्ता, अरुण कुशवाह, मोहित कुशवाह, गौरव गुप्ता, शिवमंगल यादव, देवेंद्र यादव, बीनू सक्सेना, ब्रिगेडियर तिवारी और नेता तिवारी समेत आदर्श रामलीला कमेटी के पदाधिकारी तथा सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे ।
130वीं रामलीला महोत्सव के तहत निकली शिव बारात ने धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। आकर्षक झांकियों, भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरा कस्बा शिवमय नजर आया।

