Homeउत्तर प्रदेशआईटी कॉलेज में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ, काव्यपाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने...

आईटी कॉलेज में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ, काव्यपाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। आईटी कॉलेज, लखनऊ के हिंदी विभाग एवं काव्योम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 3 सितंबर को हिंदी काव्यपाठ प्रतियोगिता के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और ईश-वंदना के साथ हुई। इसके बाद डॉ. मेधा अग्रवाल ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों और महाविद्यालय की प्राचार्या का स्वागत किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मेजर नीरजा मसीह ने अपने संबोधन में हिंदी के दैनिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी के सहज और स्वाभाविक प्रयोग के माध्यम से ही भाषा की समृद्धि और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इसी अवसर पर उन्होंने हिंदी विभाग की नवगठित साहित्यिक संस्था ‘अभिव्यक्ति’ के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा भी की।

14 प्रतिभागियों ने दी भावपूर्ण प्रस्तुतियां

कार्यक्रम का संचालन ग्रेसी सिंह ने किया। काव्यपाठ प्रतियोगिता में कुल 14 प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी कविताओं के माध्यम से प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

दीपशिखा ने ‘बोलती गुड़िया’ कविता के जरिए नारी जीवन की विडंबनाओं का मार्मिक चित्रण किया। वहीं किंजल द्विवेदी ने वीर रस की कविता प्रस्तुत कर सभागार में जोश भर दिया।

इसके अलावा शुमालिका, गुनगुन, वंशिका, करुणा सिंह, रिया, स्नेहा और श्वेता सिंह सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अलग-अलग विषयों पर कविताएं प्रस्तुत कीं। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

युवा साहित्यकार कौन्तेय जय ने दी गीतात्मक प्रस्तुति

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और युवा साहित्यकार कौन्तेय जय ने काव्योम फाउंडेशन का परिचय कराया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी गीतात्मक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नीतू शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में अधिक से अधिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रिया यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

पखवाड़े में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

आईटी कॉलेज के हिंदी विभाग की ओर से आयोजित हिंदी पखवाड़े के तहत आगामी दिनों में तत्क्षण भाषण, वाद-विवाद, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular