लखनऊ। आवासीय भू-उपयोग में संचालित हो रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और बिना ले-आउट स्वीकृति के की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने लगातार तीसरे दिन भी कार्रवाई जारी रखी। गुरुवार को प्रवर्तन टीम ने अलीगंज में चार व्यावसायिक इमारतों को सील किया, जबकि दुबग्गा और सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में 11 अवैध प्लॉटिंग और एक व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर की गई। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के नेतृत्व में अलीगंज की चन्द्रलोक कॉलोनी के सेक्टर-E, सेक्टर-F और सेक्टर-J में अभियान चलाया गया। इस दौरान चार व्यावसायिक भवन सील किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इन भवनों में शोरूम, दुकानें और अस्पताल समेत विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
वहीं, प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम मस्तेमऊ में करीब 10 बीघा और 5 बीघा क्षेत्रफल में बिना LDA से ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। दोनों स्थानों पर की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
इसके अलावा सुशांत गोल्फ सिटी के ग्राम फतेहपुर, बक्कास में करीब 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित दुकानों को भी ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के अनुसार, दुबग्गा थाना क्षेत्र के ग्राम बरावन कला, दशहरी और अमेठिया सलेमपुर में भी कार्रवाई की गई। यहां करीब 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 9 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।
LDA की लगातार हो रही इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
