थार गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार की मौत के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद वाहन को कब्जे में लेकर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना नवाबाद क्षेत्र के विश्वविद्यालय चौकी इलाके में एक तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार मनीराम वर्मा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी बीबीजीटी मूर्ति ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और थार वाहन को कब्जे में ले लिया। जांच में सामने आया कि गाड़ी पुलिस कांस्टेबल रजत चला रहा था, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही कांस्टेबल रजत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत झांसी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
