Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर: पोल की लाइट बंद करने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे और बेल्ट...

कुशीनगर: पोल की लाइट बंद करने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे और बेल्ट से मारपीट का आरोप

रिपोर्ट: शिवाकांत पाण्डेय

कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र में रात के समय पोल पर लगी लाइट बंद करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और बेल्ट से एक परिवार के साथ मारपीट की। घटना में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया है।

मामले में वार्ड नंबर-8 फतेह बहादुर नगर निवासी सुरेंद्र पटेल ने तमकुहीराज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के मुताबिक, रात में पोल पर लगी लाइट बंद करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। पीड़ित का आरोप है कि लाइट बंद करने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और कई लोगों ने उसके तथा उसके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और बेल्ट से मारपीट की, जिससे परिवार के कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि हमलावर घर में घुस आए और वहां भी मारपीट की। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पीड़ित ने तमकुहीराज थाना प्रभारी से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नोट: पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular