Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ-दिल्ली रेल यातायात प्रभावित, लखनऊ मेल और तेजस समेत कई ट्रेनें रद्द;...

लखनऊ-दिल्ली रेल यातायात प्रभावित, लखनऊ मेल और तेजस समेत कई ट्रेनें रद्द; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के मद्देनजर लखनऊ और दिल्ली के बीच रेल यातायात प्रभावित हुआ है। परिचालन संबंधी कारणों और दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास यातायात की स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। शुक्रवार को लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस और तेजस एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनें नहीं चलीं, जिससे करीब सात हजार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को भी दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी।

लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस और तेजस भी रद्द

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता के मुताबिक, शुक्रवार को लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली 12229 लखनऊ मेल, 12429 एसी एक्सप्रेस और 82501 तेजस एक्सप्रेस का संचालन नहीं हुआ। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 12559 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस भी रद्द रहीं।

शनिवार को इन ट्रेनों का संचालन रहेगा बंद

शनिवार को रद्द रहने वाली ट्रेनों में 12560 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 12582 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 15303 कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 82501 लखनऊ जंक्शन-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस और 82502 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन तेजस एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ मेल और एसी एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित रहेगा।

वहीं, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस 11 अक्टूबर को रद्द रहेगी। ऐसे में दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले संबंधित ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।

रोडवेज बसों से यात्रियों को मिलेगी राहत

रेलवे की ओर से कई ट्रेनों के निरस्त किए जाने के बीच दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज बसें विकल्प बनी रहेंगी। परिवहन निगम ने दिल्ली रूट पर बसों के संचालन में कोई बदलाव नहीं किया है और न ही किसी बस को रद्द किया गया है। यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए नोएडा और गाजियाबाद में अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है।

परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद के अधिकारियों को बसों का संचालन सुचारु रखने और यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को तीनों शहरों के बस स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या सामान्य रही।

लखनऊ के आलमबाग बस टर्मिनल से दिल्ली रूट पर हर घंटे बसों का संचालन जारी है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। ऐसे में रेल सेवाओं के प्रभावित होने के बावजूद यात्रियों के पास दिल्ली पहुंचने के लिए रोडवेज बसों का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular