राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक स्कूटी शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा कुर्सी रोड स्थित बहुमंजिला इमारत के लोअर ग्राउंड फ्लोर में बने ‘रविन्द्र इलेक्ट्रिक मोटर्स’ शोरूम में हुआ, जहां अचानक आग भड़क उठी।
आग लगने से शोरूम में खड़ी 9 स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते 14 स्कूटी और एक बाइक को सुरक्षित बचा लिया गया।
बताया जा रहा है कि देर रात एक स्थानीय दुकानदार ने शोरूम से धुआं उठता देखा और तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंदिरानगर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फायरकर्मियों ने हौजरील के माध्यम से पानी डालते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर Central Bank of India की शाखा संचालित है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोग निवास करते हैं। आग के चलते पूरे भवन में धुआं भर गया था, लेकिन फायर टीम ने समय रहते वेंटिलेशन की व्यवस्था कर धुएं को बाहर निकाला और बैंक व रिहायशी हिस्सों को सुरक्षित बचा लिया।
घटना के दौरान इमारत में मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए समय पर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, समय रहते आग पर काबू पाने से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
