लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक होमगार्ड ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी और थाने पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के अलग-अलग मंजिलों पर मां-बेटी के शव बरामद हुए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 58 वर्षीय रविंद्र शंकर गुप्ता के रूप में हुई है। वह लखनऊ पीएसी में होमगार्ड के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि वह पिछले आठ दिनों से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उसने कथित तौर पर सोते समय तार से अपनी पत्नी श्याम दुलारी (55) और बेटी पूजा साहू (32) का गला घोंट दिया। इसके बाद उसने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को वारदात की सूचना दी।
पुलिस जब आरोपी को लेकर घर पहुंची तो ग्राउंड फ्लोर पर बेटी पूजा और पहली मंजिल पर पत्नी श्याम दुलारी का शव मिला। दोनों के गले पर निशान पाए गए। घटना की जानकारी फैलते ही घर के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बेटी के किसी युवक से बात करने को लेकर विवाद की आशंका
डीसीपी मोहम्मद मुस्ताक के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेटी किसी युवक से बातचीत करती थी। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होने की जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
बेटी की दो शादियां हुईं, दोनों बार तलाक
जानकारी के मुताबिक, आरोपी रविंद्र शंकर गुप्ता भोला खेड़ा मोहल्ले का रहने वाला है। परिवार में उसकी पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी पूजा साहू की पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी। पहले पति से तलाक के बाद उसने वर्ष 2022 में दूसरी शादी की, लेकिन दूसरी शादी भी नहीं चल सकी। इसके बाद वह अपनी बेटी काव्या के साथ पिता के घर पर रह रही थी।
परिवार की मझली बेटी रूबी गुजरात में अपने पति के साथ रहती है, जबकि छोटी बेटी प्रिया की शादी नहीं हुई है। बेटा विनय उर्फ सूर्य प्रकाश अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ पारा इलाके में रहता है।
दावत के बाद बेटे का परिवार घर लौटा, फिर हुई वारदात
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम रविंद्र ने अपने बेटे, बहू और नाती को खाने पर घर बुलाया था। भोजन करने के बाद तीनों रात में अपने घर लौट गए। इसके बाद तड़के करीब तीन बजे वारदात हुई। घटना के समय छोटी बेटी अपनी बहन की बेटी के साथ दूसरे कमरे में थी। इसलिए उसे तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
हत्या के बाद आरोपी ने सुबह करीब साढ़े चार बजे गुजरात में रह रही अपनी मझली बेटी रूबी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद बेटे को भी बताया और पुलिस को सूचना देकर थाने पहुंच गया। जानकारी मिलने पर बेटा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर पहुंचा। बाद में छोटी बेटी को भी घटना का पता चला। रूबी भी गुजरात से विमान के जरिए लखनऊ पहुंची।
पति-पत्नी के बीच पहले भी होते थे विवाद
इंस्पेक्टर प्रद्युम्न सिंह के मुताबिक, वर्ष 2025 में श्याम दुलारी गहने लेकर घर से चली गई थीं। इस संबंध में रविंद्र ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पत्नी एक रिश्तेदार के घर से बरामद हुई थीं। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
