राजधानी लखनऊ में देर रात शहीद पथ पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में पेनेशिया हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार लोडर ने ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि लोडर चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस और दमकल विभाग ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए लोडर के आगे के हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला।
घायल चालक का चल रहा इलाज
घायल चालक की पहचान विकास (24 वर्ष), निवासी बस्ती के रूप में हुई है। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने उसे तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के समय उसके साथ उसका साथी भी मौजूद था।
यातायात हुआ प्रभावित
हादसे के बाद शहीद पथ पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से गिट्टी से लदे लोडर वाहन को हटवाकर सड़क को खाली कराया। अधिक भार के कारण वाहन को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
क्रेन को बस ने मारी टक्कर
रेस्क्यू के दौरान एक बस ने पीछे से क्रेन में टक्कर मार दी। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
स्थिति अब सामान्य
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वय से शहीद पथ पर यातायात जल्द ही सामान्य कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आवागमन सुचारू रूप से जारी है।
