मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष सुनीता गावंडे की नियुक्ति महज 24 दिनों के भीतर रद्द कर दी गई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने 26 नवंबर को आधिकारिक आदेश जारी कर उनकी नियुक्ति वापस लेने की घोषणा की। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सुनीता गावंडे की नियुक्ति रद्द होने के बाद महाराष्ट्र महिला कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा नहीं की गई है। नियुक्ति के महज 24 दिनों में वापस लिए जाने और इसकी वजह सार्वजनिक नहीं किए जाने से संगठन के भीतर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
नियुक्ति के बाद से संगठन में थी नाराजगी
दरअसल, कुछ दिन पहले ही सुनीता गावंडे को महाराष्ट्र महिला कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनकी नियुक्ति के बाद से ही संगठन के कुछ सदस्यों में नाराजगी की खबरें सामने आ रही थीं। उनके संगठनात्मक सक्रियता और विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार में भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश
नियुक्ति रद्द होने के बाद अब महाराष्ट्र महिला कांग्रेस के लिए नए नेतृत्व की तलाश की जा रही है। पार्टी ऐसे चेहरे को जिम्मेदारी देना चाहती है, जो संगठन को मजबूत करने के साथ महिला कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सके। फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
