जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर कला गांव में एक बीए छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। 20 वर्षीय लक्ष्मी यादव ने घर के अंदर बंद कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका लक्ष्मी यादव, लल्लूराम यादव की पुत्री थी और रानीगंज स्थित एक कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, उसका एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को छात्रा गेहूं पिसवाने के लिए पास के गांव खाखापुर गई थी। वापस लौटते समय कथित तौर पर युवक ने रास्ते में उसे रोककर साथ चलने का दबाव बनाया, लेकिन शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया।
इसके बाद 1 मई की रात छात्रा ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला तो रोशनदान से झांककर देखा, जहां वह फंदे से लटकी मिली।
सूचना पर पहुंची फतनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां राजकुमारी ने युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
थाना प्रभारी मनीष त्रिपाठी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। परिवार की असहमति के चलते छात्रा ने यह कदम उठाया। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका पांच बहनों में सबसे छोटी थी और उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
